लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पेंशन, आवास और अन्य जनहित से जुड़े मामलों में अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष कार्रवाई करें, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।
सीएम योगी ने कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का सीधे संज्ञान लेकर उनका प्रभावी समाधान कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे और जनविश्वास को मजबूत किया जाए।









