Search
Close this search box.

झोला अभियान और डांस थेरेपी के लिए डॉ. अनुभा पुंडीर को उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड-2026

देहरादून । वैदिक इंटरनेशनल प्रमोटर्स सोसाइटी (VIP Society) द्वारा नगर निगम टाउन हॉल, देहरादून में आयोजित “उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड-2026” समारोह में शिक्षा, समाज सेवा, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर एवं रघुकुल आर्यावर्त की उपाध्यक्ष डॉ. अनुभा पुंडीर को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त भारत के लिए संचालित झोला अभियान तथा डांस थेरेपी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड एक्सीलेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

डॉ. पुंडीर वर्ष 2012 से कपड़े के झोले के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण का जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं। उन्होंने स्कूलों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से हजारों लोगों को प्लास्टिक छोड़कर कपड़े का झोला अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

शिक्षाविद्, शोधकर्ता, भरतनाट्यम कलाकार और योग साधिका डॉ. पुंडीर ने डांस थेरेपी के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य, योग और भारतीय ज्ञान परंपरा को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है। समारोह में उनकी ब्रज भक्ति गीतों पर आधारित भरतनाट्यम प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने इसे पर्यावरण, संस्कृति और समाज सेवा के लिए कार्यरत सभी लोगों का सम्मान बताया।

Leave a Comment

और पढ़ें