वाराणसी । 1 जुलाई 2026 पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में प्रशस्ति श्रीवास्तव ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. करने वाली प्रशस्ति श्रीवास्तव का चयन भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) के माध्यम से हुआ था और उन्होंने वर्ष 2018 में भारतीय रेल सेवा जॉइन की थी।

उन्होंने अपने रेल सेवा करियर की शुरुआत उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक के रूप में की। इसके बाद मंडल वाणिज्य प्रबंधक और मंडल परिचालन प्रबंधक के रूप में भी सफलतापूर्वक दायित्व निभाए। वाराणसी आने से पहले वह पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक (दावा) के पद पर कार्यरत थीं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मंडल अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर वाणिज्यिक गतिविधियों, यात्री सुविधाओं और राजस्व संवर्धन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना, ग्राहक संतुष्टि बढ़ाना, यात्री सुविधाओं का विस्तार, राजस्व में वृद्धि तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।









