चन्दौली। /डीडीयू नगर। पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए 21 रेलकर्मियों के सम्मान में इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में समापक भुगतान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके समस्त सेवानिवृत्ति देयों और आवश्यक दस्तावेजों का वितरण किया। इस दौरान कुल 10 करोड़ 74 लाख 66 हजार 120 रुपये विभिन्न सेवानिवृत्ति मदों के अंतर्गत प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में डीआरएम ने कहा कि डीडीयू मंडल की प्रगति और उपलब्धियों में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखी और सक्रिय जीवन की कामना करते हुए भविष्य में भी अपने अनुभवों से संगठन का मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।
समारोह में कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन, निवेश, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा तथा सेवानिवृत्ति के बाद उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक ए.के. श्रीवास्तव, विभिन्न शाखा अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि, रेलकर्मी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।









