Search
Close this search box.

विकास के दावों पर सवाल: मिर्जापुर की बदहाल व्यवस्था पर मनोज श्रीवास्तव का हमला”

मिर्जापुर । राष्ट्रवादी मंच के संस्थापक अध्यक्ष एवं विहिप के पूर्व प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। लालडिग्गी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। बरसात शुरू होते ही नटवा रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव के कारण शास्त्री सेतु पर लंबा जाम लग जाता है, जिसका वर्षों से स्थायी समाधान नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि सड़कों की खुदाई के बाद समय पर मरम्मत नहीं होने से धूल, कीचड़ और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था और मरीजों के शोषण के आरोप भी गंभीर चिंता का विषय हैं। बिजली विभाग पर उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी और असंवेदनशील व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि शहर में आज तक व्यवस्थित ऑटो और कार पार्किंग की व्यवस्था नहीं बन सकी, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव के दौरान विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में जनता की समस्याएं भुला दी जाती हैं। उन्होंने जलनिकासी, सड़क, स्वास्थ्य, बिजली और पार्किंग जैसी बुनियादी समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग की। पत्रकार वार्ता में कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग मिर्जापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें