बलिया । 1 जुलाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बुधवार को थाना बांसडीह रोड का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में नवनिर्मित आरक्षी बैरक का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा भवन, बैरकों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को यक्ष (YAKSH) एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिससे अपराधियों पर रियल-टाइम निगरानी, फेस रिकग्निशन, वॉयस सर्च और गैंग विश्लेषण जैसी आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बीट कांस्टेबल सी-प्लान ऐप के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे जुड़े रहेंगे। किसी भी संवेदनशील घटना की फोटो और लोकेशन अपलोड होते ही सूचना संबंधित अधिकारियों से लेकर डीजीपी कार्यालय तक तत्काल पहुंच सकेगी। साथ ही बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय समितियों के संपर्क में रहकर विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करने, नियमित भ्रमण, रात्रि गश्त और नागरिक चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कंप्यूटर उपकरणों और रजिस्टरों की देखरेख पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।









