Search
Close this search box.

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 600 पौधों का मेगा वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चन्दौली। /डीडीयू नगर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 600 पौधों का मेगा वृक्षारोपण किया गया।

कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा चित्रा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, वरिष्ठ अधिकारी, संगठन की सदस्याएँ, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

चित्रा सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पौधों की नियमित देखभाल की भावना विकसित करना है। वहीं उदय सिंह मीना ने विद्यार्थियों से अधिक समय प्रकृति के बीच बिताने और प्रत्येक छात्र को एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इससे पहले 29 जून को इंटर कॉलेज में चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कक्षा 1 से 12 तक के 603 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा प्रकृति और मातृत्व के संबंध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

महिला कल्याण संगठन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण के लिए समाज को प्रेरित किया जाता रहेगा।

ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।

Leave a Comment

और पढ़ें