वाराणसी । जनपद में स्थित एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एक और अत्यंत जटिल एवं उच्च जोखिम वाला किडनी ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया। 53 वर्षीय सात बच्चों की माँ ने अपने 31 वर्षीय बेटे को किडनी दान कर उसे नया जीवन दिया। मरीज गंभीर हृदय रोग, कम पंपिंग क्षमता और गंभीर पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन से पीड़ित था। खराब हृदय स्थिति के कारण अन्य अस्पतालों में प्रत्यारोपण की संभावना से इनकार किया जा चुका था।
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित, यूरोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत कुमार और एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट आनंद के नेतृत्व में उत्कृष्ट नर्सिंग देखभाल के कारण ऑपरेशन के बाद की पूरी अवधि भी सुरक्षित रही। प्रत्यारोपण के तीसरे दिन मरीज की नई किडनी सामान्य रूप से कार्य करने लगी, जबकि डोनर माँ भी नेफ्रेक्टॉमी के तीसरे दिन स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गईं।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने इस सफलता पर पूरी ट्रांसप्लांट टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि माँ के त्याग, चिकित्सकों की विशेषज्ञता, टीमवर्क और पिछले 40 वर्षों से अस्पताल पर मरीजों के विश्वास का प्रेरक उदाहरण है।









