दुद्धी सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं ने सेवा दिवस के रूप में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यकर्ताओं ने डीसीएफ कॉलोनी स्थित आवास पर केक काटकर जन्मदिन मनाया, जिसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित की।

इसके बाद सीएचसी स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरिओम नारायण उर्फ राजू शर्मा ने दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्त समूह का रक्तदान किया, जिसे आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। अशरफ आलम, उमाशंकर यादव, अशरफ सिद्दीकी सहित कई कार्यकर्ताओं ने भी रक्तदान कर लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने बताया कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए मरीजों की सहायता, रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, म्योरपुर ब्लॉक प्रधान संघ के अध्यक्ष एवं दुद्धी के महासचिव प्रेमचंद यादव ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए।

इस अवसर पर मुजीब खान, अविनाश यादव, वकालत खान, कलामुद्दीन सिद्दीकी, हरिहर यादव, बुंदेल चौबे, मोहम्मद सलीम अंसारी, मुनीर अंसारी, सूर्यमणि यादव, संजय यादव, रामचंद्र, राकेश अग्रहरि, अजय यादव, सुधीर, मुन्ना सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।








