Search
Close this search box.

बलिया में जल जीवन मिशन की समीक्षा, धीमी प्रगति पर डीएम सख्त

बलिया । जनपद में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन एवं हर घर नल योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विकासखंडों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

विकासखंड बेलहरी में पानी की टंकी निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई, जहां कार्य लगभग 50 प्रतिशत ही पूर्ण हो पाया है। वहीं बांसडीह के ग्राम सेरिया में सीडब्ल्यूआर एवं कैंप हाउस निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है, जिसमें केवल 08 किलोमीटर शेष बताया गया। इसके पूर्ण होने पर 334 गांवों को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।

हनुमानगंज में इंटेक, डब्ल्यूटीपी, सीडब्ल्यूआर, ओएचटी एवं अन्य कार्यों में औसतन 50 से 65 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। मनियर विकासखंड में भी विभिन्न संरचनाओं का निर्माण जारी है तथा पाइपलाइन कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ब्लॉकवार एवं ग्रामवार कार्य सूची प्रस्तुत की जाए और सत्यापन के दौरान किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन एक महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें