बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अवैध रूप से संचालित होटलों एवं जिमों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। दिनांक 30.06.2026 को सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा, एफएसओ संजय कुमार तथा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने गड़वार रोड स्थित “रॉयल जिम” को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षण के दौरान सामने आए गंभीर अनियमितताओं के आधार पर की गई।
जांच में पाया गया कि उक्त जिम बिना किसी वैध व्यावसायिक लाइसेंस एवं पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की भी घोर अनदेखी की गई थी, जिसमें आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की अनुपस्थिति तथा अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था न होना प्रमुख रहा। इसके अतिरिक्त जिम में कार्यरत प्रशिक्षक के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान का वैध फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं पाया गया।

प्रशासन ने परिसर को पूरी तरह सील कर आगामी आदेश तक सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी जिम संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा, अन्यथा इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








