वाराणसी । जनपद की होनहार बेटी और लंका थाने में तैनात महिला आरक्षी अंशु पांडेय ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बनारस की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अंशु ने तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में स्वर्ण पदक, 50 मीटर राइफल प्रोन में रजत पदक तथा 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंशु पांडेय पिछले पांच वर्षों से पूर्वांचल शूटिंग अकादमी में कोच सत्यम सिंह के मार्गदर्शन में लगातार कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रही हैं। उनकी इसी लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम के ट्रायल के लिए भी किया गया है, जो उनके खेल जीवन की एक बड़ी उपलब्धि है।


इस उल्लेखनीय सफलता पर लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने अंशु पांडेय का स्वागत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंशु की इस उपलब्धि से पूरे लंका थाना परिवार और वाराणसी में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है।





