वाराणसी । सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद सनातन पांडेय ने आगामी 5 अगस्त से शुरू होने वाले ‘संकल्प दिवस’ कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के गरीब, कमजोर, दलित, पिछड़े तथा अन्य वंचित वर्गों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ जनजागरण और सामाजिक न्याय के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज में समानता, न्याय और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान ब्राह्मण समाज से जुड़े सवाल पर सांसद ने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा से ज्ञान और संस्कार देने का कार्य करता आया है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचना चाहिए और समाज के हर तबके को साथ लेकर आगे बढ़ना ही उनकी प्राथमिकता है। उनके अनुसार, सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान के साथ ही प्रदेश और देश का विकास संभव है।
आगामी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए प्रश्न पर सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस तथा अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन की मर्यादा और आपसी सहमति का पूरा सम्मान किया जाएगा तथा सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाएंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 5 अगस्त के ‘संकल्प दिवस’ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान सामाजिक न्याय, समान अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।





