हरदोई। जिले के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग का संचालन किया जाएगा। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए सण्डीला और मल्लावां केंद्रों पर कोचिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं यूपीएससी (UPSC), यूपीपीसीएस (UPPCS), एसएससी (SSC), जेईई (JEE), नीट (NEET) और यूपीएसएसएससी (UPSSSC) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है।
पात्रता:
यूपीएससी एवं यूपीपीसीएस की तैयारी के लिए स्नातक अथवा स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र आवेदन कर सकते हैं। वहीं एसएससी, जेईई, नीट एवं यूपीएसएसएससी की तैयारी के लिए इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।
आवश्यक दस्तावेज:
आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज की दो फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति, अभिभावक का आय प्रमाण पत्र तथा सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों एवं अंकपत्रों की छायाप्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा।
आवेदन प्रक्रिया:
इच्छुक अभ्यर्थी अपना पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-08, हरदोई में किसी भी कार्य दिवस पर जमा कर सकते हैं।
अंतिम तिथि:
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी या किसी भी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी 9169414399 एवं 8303816492 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता







