वाराणसी । कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों, घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकी प्रभारियों एवं पुलिस बल के साथ गश्त कर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण हटवाए गए। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
पुलिस ने यातायात में बाधा बन रहे अस्थायी ढांचे और सड़क पर फैले सामान को हटवाकर मार्गों को पूरी तरह साफ कराया, जिससे श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को राहत मिली। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया गया और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध अतिक्रमण और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बना रहे।







