गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद गाजीपुर में मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने आमजन से संवाद कर महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

इसके साथ ही जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने विशेष अभियान चलाकर संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण एवं चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध एवं शोहदा तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।








