गाजीपुर । नंदगंज क्षेत्र में राशन वितरण केंद्र के पास बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टूटे हुए तार में करीब आधे घंटे तक करंट दौड़ता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए लोगों को मौके से दूर रहने की चेतावनी दी और तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। करंट की आशंका के चलते कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा।
ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर बिजली तारों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची, विद्युत आपूर्ति बंद कर टूटे तार को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। लोगों ने विभाग से जर्जर तारों की तत्काल जांच और बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी खतरनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









