वाराणसी । जय श्री कृष्णा फाउंडेशन (JSK) के 16वें स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय ‘पंचामृत उत्सव 2026’ का भव्य समापन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) के स्वतंत्रता भवन में आयोजित ‘एक संगीतमय शाम – सुपरस्टार भाग्यश्री के नाम’ कार्यक्रम के साथ हुआ। बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया। उनका पारंपरिक दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया तथा संस्थापक संजीव अग्रवाल सहित JSK पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद JSK की 16 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित एलईडी प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। फिल्म मैंने प्यार किया के गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। एथनिक थीम पर आयोजित फैशन शो में काशी की सांस्कृतिक विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। पंचामृत उत्सव के सहयोगियों को भाग्यश्री के हाथों सम्मानित किया गया तथा शांति के प्रतीक स्वरूप कबूतर उड़ाए गए।

अपने संबोधन में भाग्यश्री ने कहा कि काशी की माटी संस्कारों से भरी है और JSK सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति तथा व्यक्तित्व विकास के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। संस्थापक संजीव अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों, प्रशासन, मीडिया एवं JSK परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन संस्था के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज रहेगा।

तीन दिवसीय उत्सव के दौरान वाटर कूलर उद्घाटन, लक्ष्मी पूजन, खिचड़ी वितरण, गंगा चुनरी मनोरथ, रुद्राभिषेक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह और संगीतमय संध्या जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह का समापन JSK थीम सॉन्ग तथा ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष के साथ हुआ।







