मिर्जापुर । सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब कछवा क्षेत्र की एक युवती ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की मौजूदगी में न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा रखी। युवती ने आरोप लगाया कि उसे जबरन उठाकर ले जाने वाले ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है और वह खुलेआम घूम रहा है।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि कछवा पुलिस आरोपित को संरक्षण दे रही है, जिसके कारण उसे न्याय नहीं मिल पा रहा। डीएम के समक्ष भावुक होकर युवती ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।








