Search
Close this search box.

शहीद स्थल करारी में सजी काव्य संध्या, साहित्य शिरोमणि सम्मान से विभूषित हुए सीताराम राय ‘विक्रांत बनारसी’

सोनभद्र । शहीद स्थल प्रबंधन ट्रस्ट करारी के तत्वावधान में रविवार को शहीद स्थल परिसर में भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ साहित्यकार रामनाथ शिवेन्द्र, मुख्य अतिथि सीताराम राय ‘विक्रांत बनारसी’ तथा कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदना के साथ कार्यक्रम का आगाज हुआ।

साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्य अतिथि सीताराम राय ‘विक्रांत बनारसी’ को ‘साहित्य शिरोमणि अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। उन्हें नकद धनराशि, अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न, अभिनंदन पत्र, लेखनी, डायरी और साहित्यिक कृति भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने किया। कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, सुधाकर पांडेय ‘स्वदेश प्रेम’, दिलीप सिंह ‘दीपक’, अशोक तिवारी, प्रभात सिंह चंदेल, सुशील मिश्रा, दिवाकर द्विवेदी ‘मेघ’, धर्मेश चौहान, विवेक चतुर्वेदी ‘शायर’ और सीताराम राय ‘विक्रांत बनारसी’ ने राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, प्रेम, हास्य और समसामयिक विषयों पर अपनी प्रभावशाली रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं की भरपूर सराहना बटोरी।

अध्यक्षीय उद्बोधन में रामनाथ शिवेन्द्र ने समाज में बढ़ती भूख, भय, हिंसा और सांप्रदायिकता पर चिंता व्यक्त करते हुए कौमी एकता का संदेश दिया। उनकी मार्मिक रचनाओं ने श्रोताओं को गहन चिंतन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी कवियों को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। ऋषभ त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और देर शाम तक काव्य रस का आनंद लेते रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें