Search
Close this search box.

वन महोत्सव के तहत विंढमगंज में आम भंडारा, ग्रामीणों को बांटे पौधे; पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

विंढमगंज / सोनभद्र। वन महोत्सव के अवसर पर विंढमगंज रेंज के हरनाकछार क्षेत्र में वन विभाग ने आम भंडारा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। ग्राम पंचायत हरनाकछार स्थित सुखड़ा बांध के पास आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

वन क्षेत्राधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि एक पेड़ केवल छाया ही नहीं देता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करता है। उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। वन विभाग की टीम ने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए पौधों के संरक्षण का भी संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधे प्राप्त किए और उन्हें रोपित कर सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। वन विभाग ने भविष्य में भी जनजागरूकता एवं वृक्षारोपण अभियान लगातार चलाने की बात कही। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हरनाकछार, ग्राम प्रधान बुटबेढ़वा तथा वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें