मीरजापुर। 07 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 08 जुलाई को प्रस्तावित मीरजापुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन सभागार में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। वीआईपी रूट, पार्किंग, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के पुराने एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को सभी अभिलेख, प्रगति रिपोर्ट एवं प्रस्तुतीकरण अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें और समन्वित प्रयासों से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








