वाराणसी । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने अपने कार्यरत कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने सीजीएचएस पैनल में शामिल वाराणसी स्थित एपेक्स हॉस्पिटल के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
केंद्रीय रजिस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और एपेक्स हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देवेन्द्र सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।इस समझौते के तहत बीएचयू कर्मचारियों, उनके आश्रितों और सेवानिवृत्त कर्मियों को एपेक्स हॉस्पिटल में कैशलेस एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। एपेक्स हॉस्पिटल पहले से ही आईआईटी-बीएचयू, महामना कैंसर संस्थान बीएचयू और होमी भाभा कैंसर अस्पताल के कर्मचारियों को यह सुविधा प्रदान कर रहा है।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि बीएचयू चिकित्सा संस्थान का पूर्व छात्र होने के नाते अपने विश्वविद्यालय परिवार की सेवा करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल बीएचयू परिवार को समयबद्ध, सहज और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।









