समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल के विरोध के अगले दिन शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा नेताओं का आरोप था कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल के पोस्टर पर चप्पल-जूते मारकर और थूककर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इसी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मीडिया से बातचीत में जिला फेडरेशन सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू ने कहा कि भाजपा अपने नेताओं के सम्मान और सनातन परंपराओं के सम्मान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।

प्रदर्शन के दौरान जिला मुख्यालय पर कुछ समय के लिए माहौल गरमाया रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।








