बलिया । जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ऑपरेशन रक्षा अभियान के तहत शुक्रवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं नोडल अधिकारी संजय सिंह के आदेश तथा क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार के निर्देशन में एएचटी थाना प्रभारी राजेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र के होटल माखनभोग, होटल विशाल सहित विभिन्न मसाज पार्लरों और स्पा सेंटरों में सघन जांच की।

बालश्रम, भिक्षावृत्ति और मानव तस्करी पर रहीं विशेष नजर

अभियान में एएचटी पुलिस, कोतवाली पुलिस तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम शामिल रही। जांच के दौरान मानव तस्करी, बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े मामलों की गहन पड़ताल की गई। हालांकि किसी भी स्थान पर कोई बालक मजदूरी, भिक्षावृत्ति या मानव तस्करी में संलिप्त नहीं पाया गया।

लोगों को किया गया जागरूक
संयुक्त टीम ने होटल संचालकों, कर्मचारियों और आमजन को बाल विवाह, बालश्रम एवं बाल भिक्षावृत्ति जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। साथ ही अपील की कि यदि कहीं भी ऐसे मामलों की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह ।










