Search
Close this search box.

मीरजापुर के उद्यमियों को निर्यात बढ़ाने के दिए गए टिप्स, भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते की दी जानकारी

मीरजापुर । जिले के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक होटल में निर्यात सम्मेलन का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशालय, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फियो) और जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) की जानकारी दी गई।

फियो के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जुलाई से लागू होने वाला यह समझौता भारतीय उत्पादों के लिए ब्रिटेन के बाजार में नए अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादों के निर्यात पर शुल्क शून्य होने से उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मीरजापुर उद्योग का ऐतिहासिक केंद्र रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय उद्योगों को नई दिशा देने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे। सहायक महानिदेशक विदेश व्यापार राजन जोशी ने केंद्र सरकार की निर्यात योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और जिला निर्यात हब योजना की जानकारी दी।

उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार ने प्रदेश सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीतियों और औद्योगिक योजनाओं पर प्रकाश डाला। सम्मेलन में 40 से अधिक उद्यमियों व निर्यातकों ने भाग लिया और इसे उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों की मांग की।

रिपोर्टिंग मीरजापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें