वाराणसी । जनपद के रथयात्रा मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। इस वर्ष भी मेले को पूरी तरह प्लास्टिक (पॉलीथिन) मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मेला क्षेत्र में दुकान, ठेला और गुमटी लगाने वाले सभी व्यापारियों से पहले शपथ पत्र लिया जाएगा कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे। नगर निगम का उद्देश्य स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल मेला आयोजित करना है।
महापौर ने दिए सख्त निर्देश
शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को मेला तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने रथयात्रा मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराने, सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने तथा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जलकल विभाग को मेला क्षेत्र और आसपास कहीं भी सीवर ओवरफ्लो न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
बैठक में चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित अभियंत्रण, स्वास्थ्य, सफाई और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि रथयात्रा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







