सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के धरती डोलवा स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में खड़ा एक विशालकाय महुआ का पेड़ अचानक विद्यालय भवन की छत पर गिर गया। संयोग अच्छा रहा कि घटना के समय विद्यालय बंद था, जिससे बच्चों और शिक्षकों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

शनिवार को प्रभारी प्रधानाध्यापिका धनेश्वरी विद्यालय पहुंचीं तो उन्होंने भवन की छत पर गिरे विशाल पेड़ को देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान को दी और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया।
पेड़ गिरने से विद्यालय भवन की छत को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यदि विद्यालय संचालन के समय पेड़ गिरता तो कई छात्र-छात्राएं और शिक्षक इसकी चपेट में आ सकते थे। विद्यालय प्रशासन ने क्षतिग्रस्त पेड़ को शीघ्र हटाने तथा परिसर में मौजूद अन्य कमजोर और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग की है। अधिकारियों से आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।









