Search
Close this search box.

कैन्ट स्टेशन के पास सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में पांच महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी । पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थान पर राहगीरों को अश्लील इशारों से परेशान करने के आरोप में पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पिलर संख्या 59 के पास भारत पेट्रोल पंप के निकट कुछ महिलाओं द्वारा आने-जाने वाले लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार महिलाओं में शबनम (काल्पनिक नाम) निवासी चंदौली, रबिना (काल्पनिक नाम) निवासी प्रयागराज, गुड़िया (काल्पनिक नाम) निवासी चेतगंज वाराणसी, महेन्द्री (काल्पनिक नाम) निवासी मऊ तथा गोल्डी (काल्पनिक नाम) निवासी गया (बिहार) शामिल हैं। सभी के विरुद्ध थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0293/2026 के तहत धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी रोमियो टीम की सक्रिय कारवाई

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन एवं सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में की गई। अभियान को महिला उपनिरीक्षक काजोल एवं प्रेमलता सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में महिला कांस्टेबल प्रिया गौड़, पारूल, काजल, मंदाकिनी सिंह, छाया तथा कांस्टेबल राहुल सिंह शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने और लोगों को परेशान करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें