वाराणसी । पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की लंका थाना पुलिस ने सोमवार तड़के अंतर्राज्यीय गौ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 गाय, पांच अन्य गोवंश सहित कुल 16 गोवंश तथा तस्करी में प्रयुक्त आइसर डीसीएम ट्रक (सीजी-04-पीई-1852) बरामद किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
डाफी टोल प्लाजा पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब चार बजे रमना स्थित डाफी टोल प्लाजा के पास संदिग्ध डीसीएम वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में गोवंश को अत्यंत क्रूरता के साथ लादा गया था। मौके से मध्य प्रदेश के सीधी निवासी शिवेन्द्र सिंह और छोटू सिंह, छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी अभिषेक तिवारी तथा प्रतापगढ़ निवासी आशू खरवार को गिरफ्तार किया गया। एक 17 वर्षीय किशोर को भी विधिक प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गोवंश एकत्र कर बिहार ले जाकर गोवध के लिए बेचते थे। गिरोह के संचालन और रूट की जानकारी छत्तीसगढ़ निवासी हेमंत नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं।
मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी
थाना लंका में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3, 5(ए), 5(बी), 8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी हेमंत सहित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे अंतर्राज्यीय नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।







