वाराणसी । अपना दल (कमेरावादी) ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत वाराणसी जिला मुख्यालय पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष संजय पटेल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में खाद (उर्वरक) की कमी, कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने सरकार से सभी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिश्रण से आम जनता और वाहन चालकों को हो रही समस्याओं का उल्लेख करते हुए इस प्रकार की मिलावट पर रोक लगाने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे वाहनों के प्रदर्शन और रखरखाव पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सरकार से किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।






