गाजीपुर । जनपद के मनिहारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा चकदाउत में मनरेगा कार्यों एवं पंचायत भवन से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। गांव निवासी रामबदन यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ग्राम प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधि पर मनरेगा कार्यों में अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग तथा पंचायत भवन की भूमि पर अवैध रूप से शौचालय का गड्ढा बनवाने का आरोप लगाया है। शिकायत में पंचायत भवन में आवश्यक सुविधाओं की कमी का भी उल्लेख किया गया है।
ग्रामीण ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
शिकायतकर्ता के अनुसार पंचायत भवन में न तो बिजली की व्यवस्था है और न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि इन मुदों में भुगतान किए जाने का दावा किया गया है। रामबदन यादव ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव और प्रधान प्रतिनिधि द्वारा समझौते का दबाव बनाया गया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण समझौता नहीं हो सका।
साथ ही प्रधान प्रतिनिधि पर दबंगई करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









