चन्दौली। /डीडीयू नगर महिलाओं एवं बालिकाओं में मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल की ओर से रेलवे इंटर कॉलेज और डीडीयू जंक्शन पर दो सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की अध्यक्षा चित्रा सिंह ने किया।
छात्राओ कों मिलीं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

ईस्ट सेंट्रल रेलवे इंटर कॉलेज में स्थापित वेंडिंग मशीन से छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को आवश्यकता पड़ने पर सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर कक्षा 8 से 12 तक की 160 छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। आयोजित जागरूकता संगोष्ठी में मंडल रेल अस्पताल की डॉ. स्वाति ने मासिक धर्म स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, संक्रमण से बचाव तथा इससे जुड़े मिथकों पर वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की अनदेखी न करने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

इसके बाद दूसरी वेंडिंग मशीन का लोकार्पण पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 स्थित महिला उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय में किया गया, जिससे महिला यात्रियों को भी यह सुविधा मिल सकेगी।

चित्रा सिंह ने कहा कि मासिक धर्म स्वास्थ्य महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपाध्यक्षा दीपिका, सचिव शालिनी भूषण, कोषाध्यक्ष प्रियांशु यादव सहित संगठन की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।
ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।








