Search
Close this search box.

हरियाली आंदोलन से जुड़ें, वृक्ष लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लें

सोनभद्र । पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से हरियाली आंदोलन के संयोजक एवं पर्यावरण प्रेमी शिक्षक डॉ. बृजेश महादेव लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, पल्हारी (नगवां) में विद्यार्थियों के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

डॉ. महादेव ने कहा कि उनका अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वनों के संरक्षण, पौधों की सुरक्षा तथा वर्षा ऋतु में विभिन्न प्रजातियों के बीजों की बुवाई कर प्राकृतिक वन संपदा बढ़ाने पर भी केंद्रित है। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्ष बन चुके हैं, जो अभियान की सफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि “एक वृक्ष पंद्रह पुत्रों से भी अधिक उपयोगी होता है”, क्योंकि वृक्ष ऑक्सीजन, फल, औषधि, ईंधन और अनेक प्राकृतिक संसाधनों का आधार हैं।

उन्होंने दार्जिलिंग की हरियाली से प्रेरित होकर अपने पैतृक गांव भरहरी और कर्मभूमि पल्हारी से इस अभियान की शुरुआत की थी। अब तक हजारों लोगों को पौधे और बीज वितरित किए जा चुके हैं। उनके घर आने वाले प्रत्येक अतिथि को विदाई में पौधा भेंट किया जाता है।

उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने और हरियाली आंदोलन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा, “जहाँ है हरियाली, वहाँ है खुशहाली।”

Leave a Comment

और पढ़ें