Search
Close this search box.

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जनसमस्याओं के समाधान के लिए सीडीओ को सौंपा मांगपत्र

बलिया । जनपद में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, सदर इकाई बलिया ने सोमवार को विकास खंड हनुमानगंज और गड़वार क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (प्रभारी जिला विकास अधिकारी) आनंद प्रकाश को मांगपत्र सौंपा। संगठन ने कहा कि क्षेत्र की कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिससे आम नागरिकों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मांगपत्र में माल्देपुर–खोरी पाकड़ मार्ग पर जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान, सागरपाली एनएच-31 से सेमरा घाट तक जर्जर सड़क की मरम्मत, मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर एवं पोखरे के सौंदर्यीकरण, फेफना बाजार की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, पोखरे के विकास तथा राजकीय पशु चिकित्सालय फेफना के जर्जर भवन की मरम्मत की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

एसोसिएशन का कहना है कि इन समस्याओं से आम जनता, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। संगठन ने प्रशासन से मांगपत्र में शामिल सभी बिंदुओं की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर श्याम प्रकाश शर्मा, सुनील सेन ‘दादा’, प्रभाकर सिंह, सदानंद उपाध्याय, कन्हैया वर्मा, अभिजीत सिंह, जितेंद्र वर्मा, सुग्रीव शर्मा और मंटू राजभर सहित कई सदस्य मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी आनंद प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें