बलिया । उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मुद्दे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। बलिया के माल्देपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि PDA का असली सम्मान भारतीय जनता पार्टी में है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में PDA का सबसे बड़ा चेहरा बताया।
दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिस माल्देपुर स्थान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी, वहीं से मेडिकल बाईपास के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में PDA के लोगों को सपना देखने का भी अधिकार नहीं है, जबकि भाजपा हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने का अवसर देती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में पिछड़े और दलित समाज के लोग मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सपना देख सकते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जैसे लोग भाजपा की व्यवस्था में देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचे हैं।
परिवहन मंत्री ने आरोप लगाया कि सपा में पदों पर एक ही परिवार का दबदबा है और PDA की बात केवल राजनीतिक लाभ के लिए की जाती है। उन्होंने कहा कि असली समानता और सम्मान भाजपा में ही संभव है।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







