लहुरी काशी मैरिज हाल में हुई मासिक बैठक, संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों पर मंथन
गाजीपुर । अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा, गाजीपुर की मासिक बैठक लहुरी काशी मैरिज हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति और समाज की सामाजिक गतिविधियों को तेज करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान विश्वकर्मा समाज ने समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा के एक दिन के चरण का नेतृत्व करने का निर्णय लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार विश्वकर्मा ने की, जबकि नेतृत्व जिलाध्यक्ष शशिकांत शर्मा उर्फ भुवर प्रधान ने किया। संचालन जहूराबाद विधानसभा अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने किया। मुख्य अतिथि यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसकी जमीनी सक्रियता से होती है। उन्होंने संगठन को ब्लॉक, न्याय पंचायत और गांव स्तर तक विस्तार देने पर जोर दिया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्व
जिलाध्यक्ष शशिकांत शर्मा ने संगठन की आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि विश्वकर्मा समाज को सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठन विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर नई जिम्मेदारियां सौंपीं।

बैठक में क्षेत्रीय भ्रमण, नए सदस्यों को जोड़ने और जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर राम अवतार विश्वकर्मा और संजय विश्वकर्मा का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
अंत में सुजीत साइकिल ने 11 दिवसीय समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे स्वीकार करते हुए जिलाध्यक्ष ने यात्रा के एक दिन का नेतृत्व करने की घोषणा की। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया।







