बलिया । जनपद में सामुदायिक शौचालय केयरटेकर एसोसिएशन ने केयरटेकरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष सनी कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सामुदायिक शौचालयों की देखरेख कर रहे केयरटेकरों का मानदेय समय पर नहीं मिल रहा है तथा सहायता समूहों की मनमानी के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन का कहना है कि कई स्थानों पर बिना उचित कारण के केयरटेकरों को कार्यमुक्त किया जा रहा है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान, बिना उचित कारण कार्यमुक्ति पर रोक, सहायता समूहों द्वारा भुगतान में बाधा समाप्त करना, एक सप्ताह के भीतर बकाया मानदेय का भुगतान तथा एक व्यक्ति के नाम स्वीकृत कार्य को अन्य लोगों से कराए जाने जैसी अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग शामिल है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो केयरटेकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






