Search
Close this search box.

मीरजापुर में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: 97.61 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य, मंत्री आशीष पटेल ने किया शुभारंभ

मीरजापुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जनपद में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया गया। प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधों के रोपण के लक्ष्य के तहत मीरजापुर में 97 लाख 61 हजार 600 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसमें वन विभाग द्वारा 48 लाख 36 हजार और अन्य विभागों द्वारा 49 लाख 25 हजार 600 पौधों का रोपण किया गया।

मुख्य कार्यक्रम विकास खंड पहाड़ी के ग्राम सागर सेमरा स्थित 20 हेक्टेयर क्षेत्र में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले आशीष पटेल ने हरिशंकरी पौधे का रोपण कर किया। इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, छानबे विधायक रिंकी कोल, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, महानिदेशक पर्यटन एवं नोडल अधिकारी डॉ. वेदपति मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करें। उन्होंने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण, शुद्ध हवा और स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं।

विधायकों और अधिकारियों ने भी लोगों से अपने घरों व आसपास पौधे लगाने का आह्वान किया। जनपद के सभी वन क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की भागीदारी से बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया। वन विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए कंट्रोल रूम बनाकर पूरे कार्यक्रम की निगरानी की।

Leave a Comment

और पढ़ें