Search
Close this search box.

22 दिनों से बिजली गुल, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन

गाजीपुर । मरदह क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिरसी में पिछले 22 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली संकट से परेशान करीब 40 परिवारों ने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि सादात-मरदह फोरलेन निर्माण के दौरान एक ट्रक में बिजली की केबल फंस गई थी, जिससे कई विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए और गांव की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग के एक कर्मचारी ने क्षतिग्रस्त पोल और केबल के सहारे बिजली चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद कई बार जेई और एसडीओ को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ चंद्रमोहन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कराने की कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।

Leave a Comment

और पढ़ें