Search
Close this search box.

दुद्धी तहसील को मिले दो नए एसडीएम, रवि कुमार पासवान ने संभाला प्रशासनिक कार्यभार

दुद्धी सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल के बाद दुद्धी तहसील को दो नए उप जिलाधिकारी मिले हैं। शुक्रवार को नवागत उप जिलाधिकारी रवि कुमार पासवान और उप जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार गुप्ता ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपना-अपना कार्यभार ग्रहण किया। शासन के निर्देश पर रवि कुमार पासवान को एसडीएम दुद्धी तथा अशोक कुमार गुप्ता को एसडीएम न्यायिक दुद्धी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दोनों अधिकारी अन्य जनपदों से स्थानांतरित होकर सोनभद्र पहुंचे हैं। रवि कुमार पासवान इससे पूर्व बलिया जनपद की रसड़ा तहसील में उप जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने तहसील के राजस्व कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और लंबित मामलों की जानकारी ली।

नवागत एसडीएम रवि कुमार पासवान ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक जरूरतमंद को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर उनसे सीधे मिल सकता है। जनसमस्याओं का हरसंभव समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। दोनों अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों के निस्तारण और जनशिकायतों के समाधान में तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें