Search
Close this search box.

सरकारी अस्पताल से मोबाइल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

सोनभद्र । दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सरकारी मोबाइल फोन चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 02 लैपटॉप बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, अस्पताल से सरकारी मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना मिलते ही दुद्धी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के अनावरण के लिए गठित टीम ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखाई दिए संदिग्ध की पहचान पुलिस द्वारा प्रयुक्त यक्ष एप की मदद से सुन्द्रेश कुमार उर्फ जादूगर उर्फ बमबम के रूप में हुई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रजखड़ तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें