राजातालाब। आराजीलाईन विकासखंड के ग्राम सभा गौरा स्थित पंचायत भवन पर शनिवार को मन्नत महिला ग्राम संगठन नामक नए ग्राम संगठन समूह का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान ममता सिंह पत्नी शारदा उर्फ गुड्डू सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करने के बाद फीता काटकर संगठन का शुभारंभ किया।
ग्राम प्रधान ममता सिंह ने कहा कि नए ग्राम संगठन के गठन से गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी महिलाओं से ईमानदारी, जिम्मेदारी और आपसी सहयोग के साथ संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
समूह सखी आरती देवी ने बताया कि ग्राम सभा में संचालित विभिन्न समूहों से पांच महिलाओं का चयन किया गया है। इनमें समूह सखी आरती देवी, अध्यक्ष सिंधु भारती, सचिव निशा कुमारी, मनसा कुमारी और सुनीता शामिल हैं। ये महिलाएं ग्राम सभा के अन्य समूहों के संचालन में भी सहयोग करेंगी।
कार्यक्रम में महिलाओं ने ग्राम प्रधान को माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके बाद पंचायत भवन परिसर में पौधारोपण किया गया और महिलाओं को पौधे वितरित किए गए। इस अवसर पर शैल कुमारी, अनीता मौर्या, सुमन, कविता, रीता, जिउती, रेखा, पूजा, आशा, शर्मिला, सुशीला, सीता, प्रिया, पूनम पटेल सहित आईसीआरपी और सीएफ पदाधिकारी उपस्थित रहे।








