वाराणसी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी आने वाला हर श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करता है और उनकी कृपा पूरे देश पर बनी रहे, यही उनकी प्रार्थना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने काशी विश्वनाथ मंदिर और नमो घाट के बदलते स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि वाराणसी का विकास आज पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि काशी की प्राचीन संस्कृति और आधुनिक विकास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को शासन, प्रशासन और नेतृत्व के क्षेत्र में अभूतपूर्व सम्मान और अवसर मिले हैं। देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है और हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।
रेखा गुप्ता ने बनारस की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौभाग्यशाली नगरी है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि काशी की गलियों से लेकर घाटों तक हुए विकास कार्य नई कहानी बयां कर रहे हैं।








