मिर्जापुर। ग्राम कुदारन, मंडल अदलहाट, विधानसभा मड़िहान में बीते दिन हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। हादसे में अनियंत्रित ट्रक के राजाराम राजभर के घर में घुस जाने से तीन लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

विधायक ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से मृतकों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवार को व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। विधायक ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पीड़ित परिवार को शासन स्तर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए पात्र सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनूप जायसवाल, मंडल महामंत्री कृष्णा तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग अनुप कुमार









