गाजीपुर । मरदह थाना क्षेत्र के नसीरपुर कोडरी गांव में करीब एक दशक से अवैध कब्जे के कारण बंद पड़े ग्राम पंचायत के खड़ंजा मार्ग को प्रशासन ने आखिरकार अतिक्रमण मुक्त करा दिया। ग्रामीणों की शिकायत और जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की।
जिलाधिकारी के आदेश पर तहसीलदार कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुभव राजर्षि, मरदह थाना प्रभारी, राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से दबंगों द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर खड़ी की गई अवैध दीवार को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
बताया गया कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित इस खड़ंजा मार्ग पर अवैध रूप से दीवार खड़ी कर लगभग 10 वर्षों से ग्रामीणों का आवागमन बाधित किया जा रहा था। रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना की।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि और ग्राम पंचायत के मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।
रिपोर्टिंग मरदह धमेंद्र कुमार।










