दुद्धी सोनभद्र। समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में पिछले छह माह से रिक्त चल रहे महिला चिकित्सक के पद पर डॉ. ऐमन अंसारी की दो वर्ष के लिए संविदा पर नियुक्ति हुई है। शुक्रवार को उन्होंने सीएचसी पहुंचकर केंद्र अधीक्षक डॉ. शाह आलम अंसारी के समक्ष कार्यभार ग्रहण किया। महिला चिकित्सक की तैनाती से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग द्वारा 30 जून को लखनऊ में आयोजित वॉक-इन इंटरव्यू में चयनित डॉ. ऐमन अंसारी को सोनभद्र जनपद आवंटित किया गया था। 7 जुलाई को परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने 8 जुलाई को सीएमओ सोनभद्र के समक्ष योगदान दिया। शुक्रवार 17 जुलाई को सीएमओ ने उनकी तैनाती सीएचसी दुद्धी में करते हुए ज्वाइनिंग लेटर सौंपा।
गौरतलब है कि संपूर्ण समाधान दिवस में भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक साह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से महिला चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की थी। नियुक्ति पर क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया है।
इनसेट,,छोटी बहन ने बढ़ाया मान।
डॉ. ऐमन की छोटी बहन डॉ. एरम अंसारी ने हाल ही में एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण कर दुद्धी क्षेत्र का नाम रोशन किया है।










