Search
Close this search box.

लंबित ऋण आवेदनों का जुलाई अंत तक निस्तारण करें: जिलाधिकारी

मीरजापुर । 18 जुलाई कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु एवं जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और उद्यमियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकर्स को लंबित आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत कर तत्काल ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बताया गया कि वर्ष 2026-27 में जिले को 2600 का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष 2072 आवेदन बैंकों को ऑनलाइन भेजे गए, जिनमें 363 स्वीकृत, 368 वितरित, 985 निरस्त तथा 880 आवेदन लंबित हैं। जिलाधिकारी ने जुलाई अंत तक लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने को कहा।

औद्योगिक आस्थान चुनार में पार्क रेनोवेशन, विद्युत पोल शिफ्टिंग और सड़क आवागमन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। सबरी तिराहे से नटवा पेट्रोल पंप तक धंसी सड़क की तत्काल जांच कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।

पीतल उद्योग में नए डिजाइन और हल्की सामग्री के निर्माण के प्रशिक्षण के लिए उद्यमियों की टीम मुरादाबाद भेजने को कहा गया। बैठक में ओडीओपी, सीएफसी, निवेश मित्र योजना, नए औद्योगिक आस्थान और विपणन प्रोत्साहन योजना सहित अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।

रिपोर्टिंग मिर्जापुर बसंत कुमार गुप्ता।

Leave a Comment

और पढ़ें