वाराणसी । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यटन स्थल सारनाथ को आउटर रिंग रोड से सीधे जोड़ने की दिशा में फरीदपुर-सारनाथ एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। गुरुवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और सेतु निगम की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए। उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।सेतु निगम के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मार्ग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सारनाथ रेलवे स्टेशन, वियतनाम मंदिर और कस्तूरबा गांधी विद्यालय के आसपास से होकर गुजरेगा। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ सारनाथ आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी यातायात जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अमरेंद्र तिवारी समेत नगर निगम, स्मार्ट सिटी, जिला प्रशासन और सेतु निगम के अधिकारी मौजूद रहे।









