वाराणसी। 24 जुलाई मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के पर्यावरण एवं साफ-सफाई प्रबंधन अनुभाग द्वारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बनारस, प्रयागराज रामबाग, छपरा, गाजीपुर सिटी और बलिया स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य रेल कर्मचारियों, यात्रियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। इस दौरान जागरूकता रैली, सार्वजनिक उद्घोषणा और विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता का महत्व बताया गया।

यात्रियों से स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई। साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए हरे और नीले डस्टबिन के उचित उपयोग की जानकारी दी गई। रेल कर्मचारियों, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। वाराणसी मंडल ने स्वच्छ, सुंदर और यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।









